-नहीं हो रही पहचान, पहन रखी जींस व टी शर्ट, चौसा की घटना
बक्सर खबर। चौसा रेलवे स्टेशन पर मंगलवार की रात नौ बजे के लगभग दर्दनाक घटना हुई। प्लेटफार्म संख्या दो पर एक युवक घंटो से अकेला बैठा था। उससे मिलने एक युवती आई। उससे कुछ बातें हुई। लेकिन, कुछ देर में मामला तल्ख हो गया। रात के लगभग सवा नौ बज चले थे। डाउन लाइन पर कोई एक्सप्रेस ट्रेन आ रही थी। युवक ने उसके आगे कूदकर अपनी जान दे दी। युवती ने किसी को फोन किया। दो लोग बाइक से आए, युवक को देखा और फिर तीनों एक साथ वहां से निकल गए। सूचना देने के बाद मौके पर रेल पुलिस की टीम आई। शव को अपने साथ ले गई।
लेकिन, युवक की शिनाख्त नहीं हुई। देखने वालों ने बताया उसने जींस व टी शर्ट पहन रखी थी। उसके पास मोबाइल फोन था। इस आधार पर रेल पुलिस उसकी शिनाख्त कर सकती है। बावजूद इसके रेल पुलिस का जवाब घटना के 20 घंटे बाद भी ट्रेसलेस है। अर्थात युवक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने कहा, हमें मोबाइल फोन नहीं मिला। उसकी जेब से एक बाइक की चाबी बरामद हुई है। मीडिया ने जब आस-पास के लोगों से पूछताछ की तो पता चला, जो युवक यहां आए थे। उन लोगों ने उसे पास जाकर देखा।
वे बाइक लेकर चौसा स्टेशन से दुर्गा मंदिर के रास्ते बक्सर की तरफ भागे। लेकिन, यह पुलिस ही पता लगा पाएगी। पूरा घटनाक्रम और स्थल को देखकर यह अनुमान लगाया जा रहा है। युवक इसकी जिले का होगा। क्योंकि उससे मिलने आई युवती भी ट्रेन से ही आई थी। बहरहाल कहानी उलझी हुई है, हम पाठकों से आग्रह करते हैं, अगर किसी गांव का कोई युवक जिसकी उम्र 25 वर्ष आस-पास हो। और वह कल दोपहर बाद से लापता हो तो इसकी सूचना आप उनके परिजनों को दें। जिससे युवक की पहचान हो सके। अन्यथा 48 घंटे बाद लावारिस समझ पुलिस शव का अंतिम संस्कार कर देगी।































































































