मस्जिदों और ईदगाहों में उमड़ी अकीदतमंदों की भीड़, मांगी अमन-चैन की दुआ बक्सर खबर। जिले सहित शहर और आसपास के क्षेत्रों में गुरुवार को ईद-उल-अजहा की नमाज पूरी अकीदत और सौहार्दपूर्ण माहौल में अदा की गई। सुबह से ही मस्जिदों और ईदगाहों में नमाजियों की भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने देश में अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली की दुआ मांगी। सबसे पहले सुबह 6:30 बजे सराय फाटक स्थित शाही मस्जिद तथा खलासी मुहल्ला की मदीना मस्जिद में नमाज अदा की गई। इसके बाद 6:45 बजे बड़की सारीमपुर ईदगाह में नमाज हुई। सुबह 7 बजे शहर और ग्रामीण क्षेत्रों की अधिकांश मस्जिदों में नमाज का सिलसिला शुरू हुआ। इसमें सेंट्रल जेल स्थित कर्बला मस्जिद, सोहनी पट्टी की नूरी मस्जिद, नई बाजार की रेहलवाली मस्जिद, सिविल लाइन मस्जिद, सारीमपुर जामा मस्जिद, तुर्कपुरवा मस्जिद, चौसा जामा मस्जिद, खानकाही मस्जिद तथा इटाढ़ी की नूरी मस्जिद प्रमुख रहीं।
इसके बाद 7:10 बजे गरीब नवाज जामा मस्जिद, 7:15 बजे कचहरी मस्जिद, मुसाफिर गंज मस्जिद, गुलाम हुसैन शाह मस्जिद और दर्जी मुहल्ला मस्जिद में नमाज अदा की गई। वहीं 7:30 बजे मेन रोड स्थित बड़ी मस्जिद और गजाधर गंज मस्जिद में भारी संख्या में अकीदतमंद जुटे। अंतिम नमाज सुबह 8:30 बजे खलासी मुहल्ला स्थित जुल्फजल मस्जिद में संपन्न हुई। मेन रोड स्थित बड़ी मस्जिद में नमाज के बाद चेयरमैन प्रतिनिधि नियामतुल्लाह फरीदी ने लोगों से गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी। उन्होंने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र की सभी मस्जिदों के आसपास विशेष साफ-सफाई कराई गई थी ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

वहीं कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज पांडेय भी मस्जिद पहुंचकर मुस्लिम भाइयों को पर्व की बधाई दी और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। पर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क दिखा। जिले में 99 स्टैटिक दंडाधिकारी, 27 गश्ती दल तथा दो जोनल दंडाधिकारियों की तैनाती की गई थी। विभिन्न नमाज स्थलों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल मुस्तैद रहे। नमाज के बाद अकीदतमंद कब्रिस्तानों में पहुंचकर पूर्वजों की कब्र पर फातिहा पढ़ी। इसके बाद लोग अपने-अपने घरों में कुर्बानी की रस्म अदा करने में जुट गए।

































































































