डीएवी के छात्र ने अपनी सफलता से जिले को किया गौरवान्वित, प्राचार्य ने जताई खुशी बक्सर खबर। स्थानीय डीएवी पब्लिक स्कूल के छात्र आयुष वाहिनीपति ने नेशनल काउंसिल फॉर होटल मैनेजमेंट संयुक्त प्रवेश परीक्षा में ऑल इंडिया स्तर पर 276वीं रैंक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। देश की प्रतिष्ठित राष्ट्रीय परीक्षा एनसीएचएम जेईई का आयोजन नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा किया जाता है। इस परीक्षा के माध्यम से देश के नामी होटल मैनेजमेंट संस्थानों में बीएससी हॉस्पिटैलिटी एवं होटल एडमिनिस्ट्रेशन पाठ्यक्रम में प्रवेश मिलता है। आयुष ने अपनी सफलता का श्रेय कठिन मेहनत, अनुशासन और नियमित अभ्यास को दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के मार्गदर्शन और परिवार के सहयोग से यह उपलब्धि संभव हो सकी।
विद्यालय के प्राचार्य सह प्रक्षेत्र पदाधिकारी वाहिनीपति आनंद कुमार ने कहा कि आयुष की सफलता पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का माहौल दिया जाता है, जिसका परिणाम लगातार सामने आ रहा है। शिक्षकों ने बताया कि आयुष शुरू से ही मेधावी और अनुशासित छात्र रहे हैं। वे पढ़ाई के साथ सह-पाठयक्रम गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी निभाते रहे हैं। विशेष बात यह भी है कि सीबीएसई 12वीं परीक्षा 2025-26 में आयुष ने पेंटिंग विषय में 100 प्रतिशत अंक प्राप्त कर ऑल इंडिया मेरिट सर्टिफिकेट के लिए भी अपना स्थान सुनिश्चित किया है। विद्यालय परिवार ने आयुष के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वे होटल मैनेजमेंट और हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र में आगे चलकर देश और जिले का नाम और ऊंचा करेंगे।

































































































