ढलाई का काम कर रोहतास के जोगिया लौट रहा था बुधु चौधरी बक्सर खबर। इटाढ़ी थाना क्षेत्र के खतिबा मोड़ के समीप रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में मजदूर की मौत हो गई। ट्रैक्टर से गिरने के बाद वाहन के नीचे आने से उसकी मौके पर ही जान चली गई। मृतक की पहचान रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र अंतर्गत जोगिया गांव निवासी बुधु चौधरी (40 वर्ष) के रूप में हुई है। वह स्वर्गीय भानू चौधरी के पुत्र थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधु चौधरी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। वह ढलाई कार्य पूरा करने के बाद ट्रैक्टर से अपने गांव लौट रहे थे।
इसी दौरान इटाढ़ी-धनसोई मुख्य मार्ग स्थित खतिबा मोड़ के पास बकसड़ा रोड पर अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया। वह चलती ट्रैक्टर से नीचे गिर पड़े। इसके बाद ट्रैक्टर उनके ऊपर से गुजर गया। हादसा इतना भीषण था कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही इटाढ़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। उधर, हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।































































































