हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद चुनाव स्थगित, दो गुटों के समर्थक आपस में भिड़े बक्सर खबर। राष्ट्रीय लोक मोर्चा के जिलाध्यक्ष चुनाव के दौरान रविवार को शहर के बाईपास रोड स्थित एसएस पैलेस में जमकर हंगामा हुआ। दो दावेदारों के समर्थकों के बीच हुई मारपीट से चुनावी माहौल तनावपूर्ण हो गया। घटना में कई कार्यकर्ता घायल हो गए। सूचना पर नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार जिलाध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर धन जी कुशवाहा और विंध्याचल कुशवाहा के समर्थकों के बीच विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते बहस ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्षों के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। इस दौरान तीन चरणों में हाथापाई और मारपीट की घटना हुई।
विंध्याचल कुशवाहा समर्थक गुट ने मतदान प्रक्रिया का विरोध करते हुए चुनाव प्रभारी एवं पार्टी के वरिष्ठ नेता आरके सिन्हा पर पक्षपात का आरोप लगाया। समर्थकों का कहना था कि चुनाव निष्पक्ष तरीके से नहीं कराया जा रहा है। हंगामे के कारण कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने मामले की जानकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा को फोन पर दी और हस्तक्षेप की मांग की। करीब एक घंटे तक चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद राज्यस्तरीय नेताओं के हस्तक्षेप से स्थिति सामान्य हुई। इसके बाद विवाद को देखते हुए जिलाध्यक्ष चुनाव को रद्द कर दिया गया। पार्टी नेताओं ने कहा कि चुनाव रद्द होने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष जो भी निर्णय लेंगे, वह सभी को स्वीकार होगा। नेताओं ने संगठन की एकजुटता बनाए रखने और पार्टी को मजबूत करने की बात कही।































































































