इंजीनियरिंग के बाद यूपीएससी क्रैक कर देश सेवा का है लक्ष्य बक्सर खबर। डुमरांव के होनहार छात्र श्रेयस श्रीवास्तव ने राष्ट्रीय स्तर की कई प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। उनकी उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। डुमरांव के लाला टोली रोड निवासी संजय श्रीवास्तव के पुत्र श्रेयस वर्तमान में बेंगलुरु में रहकर अध्ययन कर रहे हैं। सोमवार को घोषित जेईई एडवांस के परिणाम में उन्होंने अखिल भारतीय रैंक 13162 प्राप्त की है। इसके साथ ही उन्हें आईआईटी में प्रवेश की पात्रता मिल गई है। श्रेयस की सबसे बड़ी उपलब्धियों में आईआईआईटी हैदराबाद की यूजीईई में चयन शामिल है। यह परीक्षा देश के मेधावी विद्यार्थियों के लिए कठिन और प्रतिष्ठित मानी जाती है।
इसके अलावा उन्होंने कॉमेड-के में अखिल भारतीय रैंक 1249, कर्नाटक सीईटी में 500 के भीतर रैंक, मणिपाल प्रवेश परीक्षा में रैंक 513 तथा पीईएस विश्वविद्यालय की परीक्षा में रैंक 333 प्राप्त की है। उन्होंने बिट्स पिलानी में प्रवेश की पात्रता भी हासिल की है। साथ ही एनडीए की लिखित परीक्षा में भी सफलता प्राप्त की है। श्रेयस ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और नियमित अध्ययन को दिया है। उनका लक्ष्य इंजीनियरिंग शिक्षा पूरी करने के बाद यूपीएससी की परीक्षा उत्तीर्ण कर प्रशासनिक सेवा में जाना है, ताकि बिहार और देश की सेवा कर सकें। उनकी सफलता पर शिक्षक डॉ. मनीष कुमार शशि, संजीव कुमार, धीरेन्द्र कुमार निराला, मोहम्मद जावेद, मृत्युंजय कुमार, मंजूर आलम सहित अनेक लोगों ने बधाई दी है।

































































































