धूमधाम से मनी महाराणा प्रताप जयंती, विधान परिषद सभापति समेत कई मंत्री-विधायक रहे मौजूद बक्सर खबर। वीरता, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक महाराणा प्रताप की जयंती पर रविवार को स्टेशन रोड स्थित नगर भवन में भव्य उत्सव समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में राजनीतिक, सामाजिक और विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोगों की बड़ी भागीदारी रही। कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। समारोह में बिहार सरकार के विधि मंत्री संजय सिंह टाइगर और खेल एवं उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं राजपुर विधायक संतोष निराला, सदर विधायक आनंद मिश्र और डुमरांव विधायक राहुल सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अपने संबोधन में अवधेश नारायण सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप के शौर्य, त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेकर समाज में समरसता स्थापित की जा सकती है। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप के संघर्ष में सभी वर्गों का महत्वपूर्ण योगदान रहा था।
खेल एवं उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन संघर्ष, स्वाभिमान और मातृभूमि के प्रति समर्पण का अद्वितीय उदाहरण है। उन्होंने युवाओं से उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया। विधि मंत्री संजय सिंह टाइगर ने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन राष्ट्र और समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उनका संघर्ष हमें हर परिस्थिति में अपने स्वाभिमान और सिद्धांतों की रक्षा करना सिखाता है। विधायक आनंद मिश्र ने आयोजन के लिए महाराणा प्रताप फाउंडेशन को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और महापुरुषों के विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाते हैं। राजपुर विधायक संतोष निराला ने कहा कि महाराणा प्रताप किसी एक जाति या वर्ग के नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र के नायक थे। वहीं डुमरांव विधायक राहुल सिंह ने महाराणा प्रताप के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने की जरूरत पर बल दिया।
समारोह की अध्यक्षता फाउंडेशन के अध्यक्ष तेजप्रताप सिंह ने की तथा संचालन डॉ. आशुतोष सिंह ने किया। धन्यवाद ज्ञापन फाउंडेशन के संयोजक पुनीत सिंह ने किया। कार्यक्रम में विभिन्न वक्ताओं ने महाराणा प्रताप के जीवन, संघर्ष और राष्ट्रभक्ति पर अपने विचार रखे। बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

































































































