यज्ञाचार्यों ने विश्व शांति और पर्यावरण संरक्षण के लिए दी आहुतियां बक्सर खबर। सिमरी प्रखंड के एकौना गांव में आयोजित 9 कुंडीय गायत्री महायज्ञ का बुधवार को भव्य समापन हो गया। जिला गायत्री परिवार ट्रस्ट एवं गायत्री शक्तिपीठ के मार्गदर्शन में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। समापन अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूर्णाहुति दी गई। यज्ञाचार्यों ने विश्व शांति, मानव कल्याण, सुख-समृद्धि और पर्यावरण संरक्षण की कामना के साथ विशेष आहुतियां अर्पित कीं। वक्ताओं ने कहा कि गायत्री महायज्ञ भारतीय संस्कृति और नैतिक मूल्यों को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है। ऐसे आयोजनों से समाज में सद्भाव, भाईचारा और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
समापन समारोह में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। आयोजन समिति ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले ग्रामीणों, दानदाताओं और स्वयंसेवकों के प्रति आभार जताया। यज्ञ के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन को शांतिपूर्ण एवं सफल बनाने में ग्रामीणों और स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। गायत्री शक्तिपीठ के मुख्य प्रबंध ट्रस्टी रामानंद तिवारी ने यज्ञ में शामिल सभी कार्यकर्ताओं को 24 जून को आयोजित होने वाली गायत्री जयंती के अवसर पर शक्तिपीठ आने का आमंत्रण दिया।































































































