ट्रक समेत 80 लाख की लूट, पुलिस ने बरामद किया सामान, तीन हिरासत में

0
2237

-कृष्णाब्रह्म के समीप एनएच पर हुई थी वारदात, कुछ और की हो रही तलाश
बक्सर खबर। एनएच 922 पर अपराधियों ने 50 लाख रुपये के सामान से भरे ट्रक को लूट लिया। घटना 19 फरवरी रात के वक्त हुई। जब चालक कृष्णाब्रह्म के समीप ट्रक को खडा कर आराम कर रहे थे। स्कार्पियो से कुछ लोग आ धमके और खलासी को बंधक बना लिया। अपराधी हथियार के बल पर ट्रक को कहीं और ले गए और खलासी को दूसरे वाहन से लेजाकर औद्योगिक थाना के अहिरौली गांव के समीप छोड़ दिया। खलासी मनजी कुमार गोंड ने स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस का नंबर लिया और घटना की सूचना दी। बात कप्तान शुभम आर्य के कान तक सीधे गई। और तत्काल मामले की जांच शुरू हो गई। पुलिस ने खलासी की सूचना पर ट्रक का लोकेशन लिया और लूट में इस्तेमाल स्कार्पियो समेत तीन को दबोच लिया। लूट की इस वारदात का खुलासा 48 घंटे के अंदर हो गया।

आज सोमवार को इसकी विधिवत जानकारी मीडिया के साथ हुई बातचीत में डीएसपी डुमरांव पोलस्त कुमार ने दी। उन्होंने बताया 17 फरवरी को ढिलन ट्रांसपोर्ट का ट्रक लगभग 50 लाख रुपये का सामान आरा और पटना के लिए लेकर गाजियाबाद से चला। 19 फरवरी की रात कृष्णाब्रह्म थाना के ढ़काइच के पास चालक ने ट्रक को खड़ा किया। रात साढ़े बारह बजे के लगभग कुछ लोग काले रंग की स्कार्पियो से वहां गए। गाड़ी से खलासी को उतारा। मारपीट  की और हाथ पैर बांध गाड़ी में लाद अहिरौली के पास छोड़ दिया। पुलिस ने उसी सूचना के आधार पर दलसागर टोल प्लाजा के कैमरों की जांच की। वाहन की पहचान हुई और वाहन मालिक पर दबिश दी जाने लगी।

पुलिस द्वारा बरामद किया गया ट्रक व जब्त की गई स्कार्पियो

एसपी शुभम आर्य ने इस कार्य में डीएसपी डुमरांव, नया भोजपुर के थानाध्यक्ष चंदन कुमार, कृष्णाब्रह्म के प्रभारी थानाध्यक्ष महेश कुमार को लगाया। ट्रक को भोजपुर जिले के करनामेपुर, पड़सौरा से बरामद कर लिया। उसके अंदर सारा सामान भी मौजूद था। इस घटना में शामिल तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। जिसमें सिमरी थाना के बलिहार गांव निवासी विशाल सिंह, रामदह के गुप्तेश्वर पासवान और जिला भोजपुर, थाना शाहपुर ग्राम भरौली निवासी उत्तम मिश्रा शामिल हैं। इन सभी को मीडिया के समक्ष प्रस्तुत किया गया। डीएसपी ने पत्रकारों के सवाल के जवाब में कहा। चालक भोला गोंड की भूमिका भी संदिग्ध है। कुछ और लोगों की संलिप्तता भी इस मामले में सामने आई है। इसकी जांच चल रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here