दिवंगत रिशुराज जायसवाल को दी श्रद्धांजलि, सहयोग का दिया भरोसा बक्सर खबर। भाजपा व्यावसायिक प्रकोष्ठ के पूर्व जिलाध्यक्ष भूपेंद्र जायसवाल के पुत्र रिशुराज जायसवाल की सड़क दुर्घटना में हुई असामयिक मौत पर सोमवार को भाजपा नेताओं ने सिमरी पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सह महर्षि विश्वामित्र विचार मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष राणा प्रताप सिंह के नेतृत्व में पार्टी के कई वरिष्ठ कार्यकर्ता भूपेंद्र जायसवाल के आवास पहुंचे। नेताओं ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर दुख की इस घड़ी में सांत्वना दी। बताया गया कि 21 वर्षीय रिशुराज जायसवाल की 22 मई को फेफना से मोटरसाइकिल से घर लौटने के दौरान ट्रक की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई थी।
इस घटना से परिवार सहित क्षेत्र में शोक की लहर है। राणा प्रताप सिंह ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि यह अपूरणीय क्षति है। उन्होंने परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। शोक संवेदना व्यक्त करने वालों में पूर्व जिलामहामंत्री आदित्य चौधरी, पूर्व जिला कोषाध्यक्ष हरिशंकर गुप्ता, पूर्व मंडल अध्यक्ष अशोक पासवान, भाजपा नेता रामसागर सिंह, धर्मेंद्र सिंह समेत अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।

































































































