ग्रामीणों ने सड़क जाम कर बिजली विभाग और थर्मल पावर प्रबंधन के खिलाफ किया प्रदर्शन बक्सर खबर। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के खिलाफतपुर गांव में मंगलवार को दर्दनाक हादसे में करंट लगने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने चौसा यादव मोड़ तिमुहानी के पास सड़क जाम कर प्रशासन, विद्युत विभाग और थर्मल पावर प्लांट प्रबंधन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, खिलाफतपुर स्थित कोयला डिपो के समीप निर्माणाधीन सड़क के नीचे बनी पुलिया के पास 440 वोल्ट का बिजली तार खुला पड़ा था। खेलते-खेलते दो बच्चे वहां पहुंच गए और करंट की चपेट में आ गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृत बच्चों की पहचान महादलित बस्ती निवासी ढोंढा मुसहर के 10 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार तथा दिमागी मुसहर के 12 वर्षीय पुत्र सुभाष कुमार के रूप में हुई है।
घटना की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। हादसे से नाराज ग्रामीणों ने शवों को गांव लाकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसके बाद चौसा यादव मोड़ तिमुहानी के पास सड़क जाम कर दी गई। लोगों ने विद्युत विभाग और संबंधित एजेंसियों की लापरवाही को हादसे के लिए जिम्मेदार ठहराया। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सड़क जाम के कारण करीब आधे घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाकर शांत कराया। मुआवजा दिलाने और मामले की जांच कराने के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया। अपर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।































































































