शहर और आस-पास की 22 मस्जिदों व ईदगाहों में नमाज का समय तय बक्सर खबर। शहर और आस-पास के क्षेत्रों में गुरुवार को ईद-उल-अजहा (बकरीद) की नमाज अकीदत के साथ अदा की जाएगी। मुसाफिर गंज स्थित मदरसा ‘दारुल उलूम अशरफिया मुख्तारुल उलूम’ के सेक्रेटरी डॉ. मोहम्मद निसार अहमद ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक को एक आधिकारिक पत्र भेजा है। पत्र के माध्यम से सभी प्रमुख मस्जिदों और ईदगाहों में होने वाली नमाज के निर्धारित समय की जानकारी दी गई है, ताकि सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था सुचारू रूप से बनी रहे। मदरसा प्रबंधन द्वारा जारी सूची के अनुसार, सबसे पहले सुबह 6:30 बजे शाही मस्जिद (सराय फाटक) और मदीना मस्जिद (खलासी मुहल्ला) में नमाज अदा की जाएगी। इसके बाद सुबह 6:45 बजे ईदगाह (बड़की सारीमपुर) में नमाज का वक्त तय है।
सुबह ठीक 7:00 बजे शहर और ग्रामीण इलाकों की सबसे ज्यादा मस्जिदों में नमाज होगी, जिनमें कर्बला मस्जिद (सेंट्रल जेल), नूरी मस्जिद (सोहनी पट्टी), रेहलवाली मस्जिद (नई बाजार), मस्जिद नालबन्द टोली, मस्जिद सिविल लाइन, जामा मस्जिद (सारीमपुर), मस्जिद तुर्कपुरवा, जामा मस्जिद (चौसा), खानकाही मस्जिद (चौसा) और नूरी मस्जिद (इटाढ़ी) शामिल हैं। इसके तुरंत बाद सुबह 7:10 बजे गरीब नवाज जामा मस्जिद (सारीमपुर) में नमाज पढ़ी जाएगी। सुबह 7:15 बजे कचहरी मस्जिद (मुनीम चौक), मस्जिद मुसाफिर गंज (रेलवे स्टेशन के पास), मस्जिद गुलाम हुसैन शाह (सोमेश्वर स्थान) और मस्जिद दर्जी मुहल्ला में नमाज का समय निर्धारित है। वहीं सुबह 7:30 बजे बड़ी मस्जिद (मेन रोड) और मस्जिद गजाधर गंज (स्टेशन रोड) में अकीदतमंद जुटेंगे। इसके बाद सुबह 7:45 बजे मस्जिद दूध पोखरी कब्रिस्तान में और सबसे आखिरी में सुबह 8:30 बजे जुल्फजल मस्जिद (खलासी मुहल्ला) में ईद-उल-अजहा की नमाज मुकम्मल की जाएगी।
मदरसा प्रबंधन ने सभी नमाजियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय से कुछ समय पहले ही अपने नजदीकी ईदगाह या मस्जिद में पहुंचें, ताकि समय पर शांतिपूर्ण ढंग से नमाज मुकम्मल की जा सके।































































































