विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर न्यायालय परिसर में दिलाई गई तंबाकू त्याग की शपथ बक्सर खबर। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से व्यवहार न्यायालय परिसर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश काजल झाम्ब ने की। इस दौरान न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं, न्यायालय कर्मियों, एलएडीसी सदस्यों और अधिकार मित्रों को तंबाकू सेवन नहीं करने की शपथ दिलाई गई। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने कहा कि तंबाकू का सेवन स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक है। इससे मुंह के कैंसर सहित कई गंभीर बीमारियां होती हैं। उन्होंने लोगों से स्वयं तंबाकू से दूर रहने और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की।
उन्होंने न्यायालय परिसर को पूरी तरह तंबाकू मुक्त बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि तंबाकू के दुष्प्रभावों की जानकारी समाज के हर व्यक्ति तक पहुंचनी चाहिए। जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव एवं अवर न्यायाधीश नेहा दयाल ने कहा कि तंबाकू व्यक्ति को मानसिक, आर्थिक और शारीरिक रूप से कमजोर बनाता है। इसके सेवन से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने लोगों से तंबाकू छोड़ने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम उदय प्रताप सिंह, विशेष पोक्सो न्यायाधीश अमित कुमार शर्मा, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश सुनील कुमार सिंह, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी देवेश कुमार, अवर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम भोला सिंह सहित न्यायिक पदाधिकारी, अधिवक्ता, पैनल वकील, विधि स्वयंसेवक और न्यायालय कर्मी मौजूद रहे।

































































































