गायब एनएचएआई अफसर से शोकॉज, नालों की सफाई और टीकाकरण अभियान में तेजी लाने का आदेश बक्सर खबर। जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और लंबित कार्यों की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान एनएचएआई के प्रतिनिधि के लगातार कई बैठकों से अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। संबंधित अधिकारी से कारण पृच्छा करने तथा विभागीय कार्रवाई के लिए पत्र भेजने का निर्देश दिया गया। विभिन्न विभागों के भवन एवं कार्यालय निर्माण के लिए भूमि उपलब्धता की समीक्षा में कई अंचलों से प्रस्ताव नहीं मिलने और राजस्व शाखा द्वारा अद्यतन प्रतिवेदन समय पर प्रस्तुत नहीं करने पर खेद व्यक्त किया गया। प्रभारी पदाधिकारी, राजस्व शाखा को सभी अंचलों से अद्यतन रिपोर्ट लेकर शीघ्र प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया।नगर परिषद डुमरांव में अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाई के निर्माण के लिए भूमि चिह्नित कर प्रस्ताव उपलब्ध कराने को कहा गया। साथ ही सभी नगर निकायों को मानसून से पहले नालों की सफाई का कार्य शत-प्रतिशत पूरा करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में सहयोग शिविरों के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया गया। सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों और नोडल अधिकारियों को विभागीय योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने तथा शिविर स्थलों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने सहयोग शिविरों में प्राप्त ऑनलाइन और ऑफलाइन आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। शिविरों में टेंट, पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान सिविल सर्जन को प्रत्येक ग्राम सभा में टीकाकरण शिविर लगाने और शत-प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य हासिल करने का निर्देश दिया गया। जिला परियोजना पदाधिकारी, स्वास्थ्य को 5 जून को सभी पंचायतों में विशेष टीकाकरण शिविर आयोजित करने को कहा गया।
लोक स्वास्थ्य प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को सभी खराब एवं बंद पड़े चापाकलों की तत्काल मरम्मत कराने तथा जिले में खराब और क्रियाशील चापाकलों की अद्यतन सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।फार्मर रजिस्ट्री की समीक्षा में नगर निकाय क्षेत्रों में किसानों का पंजीकरण अधूरा पाया गया। इस पर सभी नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों को कृषि विभाग के साथ समन्वय कर छूटे हुए किसानों का फार्मर रजिस्ट्री कराने का निर्देश दिया गया। बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में अपर समाहर्ता अरुण कुमार सिंह, उप विकास आयुक्त निहारिका छवि समेत कई विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।































































































