गंगा दशहरा: रामरेखा घाट पर उमड़ा आस्था का सैलाब, श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी

0
1

-प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद                                                                                   बक्सर खबर। ज्येष्ठ शुक्ल दशमी के पावन अवसर पर मंगलवार को शहर के ऐतिहासिक और पौराणिक रामरेखा घाट पर गंगा स्नान के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। गंगा दशहरा के महास्नान को लेकर सुबह के ब्रह्म मुहूर्त से ही घाटों पर हजारों-हजार की संख्या में श्रद्धालु जुटने लगे थे। हर-हर गंगे और जय श्रीराम के जयकारों से पूरा गंगा तट गुंजायमान रहा। गंगा दशहरा पर स्नान का विशेष पुण्य लाभ कमाने के लिए जिले के ग्रामीण इलाकों से ही नहीं, बल्कि पड़ोसी जिलों और सीमावर्ती क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। भक्तों ने गंगा नदी में आस्था की डुबकी लगाई और मां गंगा से सुख-समृद्धि की कामना की।

पवित्र स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने रामरेखा घाट स्थित रामेश्वर नाथ मंदिर का रुख किया। यहां भक्तों ने भगवान शिव और माता पार्वती की विशेष पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर में सुबह से ही जलाभिषेक और दर्शन के लिए भीड़ देखी गईं। घाट के प्रसिद्ध पुरोहित पंडित लाला बाबा ने इस पावन दिन के विशेष धार्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि गंगा दशहरा के दिन ही मां गंगा का स्वर्ग से पृथ्वी पर अवतरण हुआ था। इस दिन पवित्र नदी में स्नान और दान करने से मनुष्य के दस प्रकार के पापों का शमन होता है। आज के दिन किया गया दान अक्षय पुण्य फल प्रदान करता है।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस बल सुबह से ही पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। यातायात को सुगम बनाए रखने और सुरक्षा के लिहाज से ट्रैफिक व्यवस्था में पहले ही व्यापक बदलाव किए गए थे। शहर की सीमा में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया था। रामरेखा घाट क्षेत्र की ओर जाने वाली कई प्रमुख सड़कों पर आंशिक रूप से बैरिकेडिंग कर वाहनों की आवाजाही रोकी गई थी, ताकि पैदल श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो। शहर में प्रवेश करने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए जगह-जगह पार्किंग स्थल बनाए गए थे, जिससे मुख्य सड़कों पर जाम की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here