8 जून से शुरू होगा लक्ष्मीनारायण महायज्ञ और श्रीमद्भागवत कथा

0
119

रामरेखा घाट से निकलेगी भव्य कलश यात्रा, घर-घर जाकर नहीं लिया जाएगा चंदा                                           बक्सर खबर। सर्वजन कल्याण सेवा समिति सिद्ध आश्रम धाम द्वारा आयोजित श्रीमद्भागवत महापुराण कथा सह श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। आयोजन की रूपरेखा को लेकर गुरुवार को रामेश्वर नाथ मंदिर परिसर में समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अब तक हुई तैयारियों की समीक्षा की गई तथा शेष कार्यों को समय पर पूरा करने का निर्णय लिया गया। समिति ने बताया कि 8 जून से 15 जून तक श्रीमद्भागवत महापुराण कथा एवं श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ का आयोजन होगा। आयोजकों ने बताया कि 8 जून की सुबह सात बजे रामरेखा घाट स्थित रामेश्वर नाथ मंदिर से भव्य जलभरी एवं कलश यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा पीपरपाती रोड, मुनीम चौक, पुराना अस्पताल रोड, यमुना चौक और पुलिस चौकी होते हुए कैलाश मंडपम रामेश्वर नाथ मंदिर पहुंचेगी, जहां कलश स्थापना की जाएगी। यात्रा में महिलाएं कलश लेकर तथा पुरुष श्रीमद्भागवत महापुराण को मस्तक पर धारण कर हरिनाम संकीर्तन के साथ शामिल होंगे। समिति ने महिलाओं से पारंपरिक साड़ी तथा पुरुषों से शास्त्रसम्मत वेशभूषा में भाग लेने का आग्रह किया है।

जलभरी यात्रा के बाद वैदिक विधि-विधान से महायज्ञ का शुभारंभ होगा। वहीं प्रतिदिन अपराह्न तीन बजे से संत सम्मेलन एवं विद्वत संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। इसके बाद शाम चार बजे से श्रीमद्भागवत महापुराण कथा का श्रवण कराया जाएगा। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आयोजन के लिए किसी प्रकार का घर-घर जाकर चंदा संग्रह नहीं किया जाएगा। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं द्वारा स्वेच्छा से दिए गए दान को ही स्वीकार किया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता पौराणिक जी महाराज ‘शास्त्री जी’ ने की। उन्होंने कहा कि शास्त्रों में जलभरी यात्रा के प्रत्येक कदम का विशेष महत्व बताया गया है। इसी को देखते हुए समिति ने जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कलश यात्रा में शामिल होने की अपील की है। बैठक में लक्ष्मण ओझा, अजय पांडे, अमित जी, मृत्युंजय दुबे, अनुराग पांडेय, जगदीश जायसवाल, जयप्रकाश सिंह, छोटे उपाध्याय, सुरेंद्र तिवारी, गोपाल जी पांडे, वशिष्ठ नारायण चौबे, विपुल चौबे, संतोष पांडेय, नरसिंह मल्लाह समेत अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here