डीएम-एसपी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, जिले में 99 स्टैटिक दंडाधिकारी और 27 गश्ती दल तैनात बक्सर खबर। बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। मंगलवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिलाधिकारी साहिला एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने संयुक्त रूप से सभी दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों की ब्रीफिंग की। बैठक में स्पष्ट निर्देश दिया गया कि सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस बल 28 मई की सुबह छह बजे से पर्व समाप्ति तक अपने-अपने तैनाती स्थल पर मौजूद रहेंगे। किसी भी तरह की गड़बड़ी पर तत्काल निरोधात्मक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने बक्सर और डुमरांव अनुमंडल के अधिकारियों को लगातार क्षेत्र भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करने का निर्देश दिया है।
वहीं सभी थानाध्यक्षों को अपने क्षेत्र में लगातार गश्त करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने को कहा गया। साइबर थाना और पुलिस अधिकारियों को व्हाट्सएप ग्रुप समेत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया गया है। अफवाह फैलाने वालों पर विधिसम्मत कार्रवाई होगी। मस्जिदों और ईदगाहों में सफाई व पेयजल व्यवस्था नगर परिषद और ग्रामीण क्षेत्रों के अधिकारियों को मस्जिदों, ईदगाहों एवं मोहल्लों में साफ-सफाई और पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। जिला पशुपालन विभाग को पर्व के दौरान पशु क्रूरता और अवैध तस्करी रोकने के लिए विशेष निगरानी रखने को कहा गया है। भ्रमणशील पशु चिकित्सा पदाधिकारी लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहेंगे।
सभी सरकारी अस्पतालों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और अनुमंडलीय अस्पतालों को दवाओं, चिकित्सकों और एंबुलेंस के साथ तैयार रहने का निर्देश दिया गया है। वहीं जिला अग्निशमन विभाग को बक्सर और डुमरांव में फायर ब्रिगेड वाहन तैयार हालत में रखने को कहा गया है। विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और ढीले तारों की जांच कराने का निर्देश दिया गया। बिहार पुलिस रेडियो को सभी वायरलेस सेट 24 घंटे चालू रखने का आदेश दिया गया है। बकरीद के दौरान जिला नियंत्रण कक्ष समाहरणालय परिसर स्थित जिला आपदा शाखा में कार्यरत रहेगा। प्रशासन ने आपात स्थिति से निपटने के लिए क्यूआरटी टीम भी गठित की है। पर्व के दौरान जिले में 99 स्टैटिक दंडाधिकारी, 27 गश्ती दल तथा दो जोनल दंडाधिकारियों की तैनाती की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से आपसी भाईचारा और शांति बनाए रखने की अपील की है।































































































