—हर महीने के पहले और तीसरे मंगलवार को लगेगा शिविर बक्सर खबर। आम नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों के समाधान के लिए नगर परिषद बक्सर ने मंगलवार को किला मैदान स्थित रामलीला मंच पर सहयोग शिविर का आयोजन किया। शिविर में लोगों ने अपनी विभिन्न समस्याओं से संबंधित आवेदन जमा किए। सामान्य प्रशासन विभाग, बिहार सरकार के निर्देश पर आयोजित यह शिविर नगर परिषद क्षेत्र के नागरिकों की शिकायतों के निस्तारण के उद्देश्य से लगाया गया था। नगर परिषद प्रशासन ने बताया कि यह सहयोग शिविर प्रत्येक माह के प्रथम और तृतीय मंगलवार को आयोजित किया जाएगा।
शिविर में कार्यपालक पदाधिकारी कुमार ऋत्विक की मौजूदगी में कुल 23 आवेदन प्राप्त हुए। प्राप्त आवेदनों में विभिन्न जनसुविधाओं और नागरिक समस्याओं से जुड़े मामले शामिल रहे। कार्यपालक पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को सभी आवेदनों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान नगर परिषद की प्राथमिकता है। मौके पर स्वच्छता पदाधिकारी रवि कुमार सिंह, सिटी मैनेजर राजमणि गुप्ता, नवीन कुमार पांडेय, मो. वाहिद अहमद समेत नगर परिषद के अन्य कर्मी उपस्थित रहे।































































































