वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गंगा घाट से जल भरकर लौटीं श्रद्धालु महिलाएं बक्सर खबर। सिमरी प्रखंड के एकौना गांव में रविवार को नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। आयोजन में गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। सुबह श्रद्धालु महिलाओं ने गंगा घाट पहुंचकर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश में पवित्र जल भरा। इसके बाद कलश यात्रा शोभायात्रा के रूप में यज्ञशाला तक पहुंची। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं के जयघोष और भक्ति गीतों से माहौल भक्तिमय बना रहा।
यज्ञशाला पहुंचने पर जल लेकर आई महिलाओं का विधिवत आरती उतारकर स्वागत किया गया। कलश यात्रा के दौरान गांव का वातावरण श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर दिखा। महायज्ञ को लेकर ग्रामीणों और आयोजन समिति के सदस्यों में विशेष उत्साह देखा गया। आयोजकों ने बताया कि धार्मिक आयोजन का उद्देश्य समाज में नैतिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक जागरण का संदेश देना है। महायज्ञ के शुभारंभ के साथ ही एकौना गांव में धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला शुरू हो गया है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता हो रही है।

































































































