साईं मंदिर का 17वां वार्षिक पूजनोत्सव 30 जून को, तैयारियां तेज

0
34

श्री साईं श्रद्धा संस्थान की बैठक संपन्न, आयोजन को भव्य बनाने के लिए सदस्यों ने संभाली जिम्मेदारी                                                                  बक्सर खबर। शहर के सती घाट स्थित साईं बाबा मंदिर का 17वां वार्षिक पूजनोत्सव एवं स्थापना दिवस समारोह 30 जून को श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा। इसकी तैयारी को लेकर गुरुवार को गोला बाजार में श्री साईं श्रद्धा संस्थान की एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संस्थान के अध्यक्ष एवं आयकर अधिवक्ता सुरेश संगम ने की। संचालन साईं अजय कुमार ने किया। बैठक में समारोह की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा हुई। सुरेश संगम ने बताया कि शिर्डी के साईं बाबा की तर्ज पर सती घाट स्थित मंदिर में पिछले 16 वर्षों से नियमित पूजा-अर्चना होती आ रही है। प्रत्येक वर्ष 30 जून को स्थापना दिवस और वार्षिक पूजनोत्सव का आयोजन किया जाता है। इस अवसर पर जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।

उन्होंने कहा कि मंदिर के विकास और व्यवस्थाओं में वर्षों से साईं भक्तों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। समाज के सहयोग से ही मंदिर की गतिविधियां निरंतर आगे बढ़ रही हैं। संस्थान के कोषाध्यक्ष चंदन गुप्ता ने बताया कि 30 जून को सुबह छह बजे से कार्यक्रम शुरू होगा। इसमें जलाभिषेक, विशेष पूजन, हवन, पालकी यात्रा, भजन-कीर्तन तथा संध्या में विशेष महाआरती का आयोजन होगा। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया जाएगा। साईं अजय कुमार ने शहरवासियों और श्रद्धालुओं से समारोह में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने तथा सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से आयोजन को भव्य स्वरूप दिया जाएगा।

बैठक में साईं शशि वर्मा, राजू श्रीवास्तव, इंद्र कुमार, नागेंद्र प्रसाद, धर्मेंद्र प्रसाद, राज जायसवाल, सुदर्शन जी, राज मुनि, राज अरोड़ा सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here