-नैनीजोर के बधार में शनिवार की रात चली गोली, तनाव व्याप्त
बक्सर खबर। विवादित भूमि पर लगी फसल काटने के दौरान दो पक्षों में झड़प हो गई। इस दौरान चली गोली लगने से तारकेश्वर यादव (58 वर्ष) की मौत हो गई। सूचना के अनुसार उन्हें दो गोलियां लगी थी। एक गले को पार कर गई थी। दूसरी छाती में फंसी थी। जिसे पोस्टमार्टम के दौरान बाहर निकाला गया। घटना नैनीजोर बधार की है। मृतक बड़की नैनीजोर गांव के निवासी थे। घटना की सूचना मिलने के उपरांत मौके पर पहुंची नैनीजोर थाने की पुलिस ने मनन तिवारी समेत दो लोगों को हिरासत में लिया है।
घटना की पुष्टि डुमरांव के एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने की। पूछताछ में पता चला कि गांव के बाहर गंगा के छाड़ में गेहूं की फसल लगाई गई थी। शनिवार की रात लगभग दस बजे के बाद कुछ लोग फसल काटने पहुंचे। दूसरे पक्ष के लोग मना करने गए। इस दौरान दोनों तरफ से गोलीबारी हुई। जिसमें तारकेश्वर यादव को दो गोलियां जा लगी। एसडीपीओ ने कहा छापामारी जारी है। अभी लिखित शिकायत दर्ज नहीं हुई है। प्राथमिकी दर्ज होने के उपरांत गिरफ्तार लोगों की संख्या बढ़ सकती है।






























































































