– राजपुर इलाके में दोपहर के वक्त हुई दुर्घटना
बक्सर खबर। बिजली का करंट लगने से सोमवार की दोपहर राजमिस्त्री की मौत हो गई। दुर्घटना राजपुर थाना के डिहरी गांव की है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार इसी गांव के रहने वाले संदीप कुमार राम (32) एक जगह राजमिस्त्री का काम कर रहे थे। दोपहर के वक्त आराम करने के लिए नीम के पेड़ के पास गए। उस पेड़ की डाल उपर बिजली के नंगे तार से सटी हुई थी। उन्हें पता नहीं था, पेड़ में करंट दौड़ रहा है।
लेटने के दौरान वह पेड़ के तने से सटे तभी करंट की चपेट में आ गए। लोगों ने देखा तो उन्हें जल्दी-जल्दी अस्पताल ले गए। लेकिन, उन्हें बचाया नहीं जा सका। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर राजपुर के थानाध्यक्ष निवास कुमार पहुंचे तो ग्रामीणों ने कहा, यह बिजली विभाग की लापरवाही से दुर्घटना हुई है। उन्होंने कहा, आप लिखित शिकायत दें पुलिस अपनी स्तर से उचित कार्रवाई करेगी।

































































































