हत्या का आरोप लगाकर ग्रामीणों का हंगामा, मुआवजा और कार्रवाई की मांग बक्सर खबर। जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के सरेजा गांव में सोमवार की सुबह एक किशोर का शव मिलने से सनसनी फैल गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने कोचस-चौसा मुख्य सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीण मुआवजा और दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार सरेजा निवासी बेचन चौहान के 12 वर्षीय पुत्र बगेलू का शव गांव स्थित एक गेहूं गोदाम के अंदर मिला। यह गोदाम बृजमोहन राय का बताया जा रहा है। सुबह जब गोदाम का मुख्य गेट खोला गया तो अंदर किशोर का शव पड़ा मिला। घटना की खबर मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जाता है कि गोदाम किराए पर दिया गया है। मृतक किशोर को किसी ने वहां बंद कर दिया था। परिजनों के अनुसार रविवार से ही लापता था।
सोमवार की सुबह उसका शव मिलने के बाद परिवार वालों ने हत्या की आशंका जताई है। परिजनों का आरोप है कि किशोर की हत्या कर शव को गोदाम के अंदर फेंका गया। मृतक के चेहरे पर चोट के निशान मिलने की भी बात कही जा रही है। घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा और लोगों ने गोदाम के समीप सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीण घटनास्थल पर पुलिस अधीक्षक को बुलाने की मांग कर रहे हैं। सूचना मिलने पर राजपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास करती रही। हालांकि खबर लिखे जाने तक प्रदर्शन जारी था। घटना के बाद क्षेत्र में कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं। इस मामले में फिलहाल पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।


































































































