महान गणितज्ञ प्रो. एसके मिश्रा के पौत्र ने बढ़ाया जिले का मान, आईआईटी के बाद यूपीएससी क्रैक कर देश सेवा करने का है लक्ष्य बक्सर खबर। जिले के होनहार छात्र रियार्थ रचित ने जेईई एडवांस परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर बक्सर का नाम रोशन किया है। सोमवार को घोषित परिणाम में उन्होंने जनरल कैटेगरी में 5000 के भीतर रैंक प्राप्त की है। रियार्थ रचित महान गणितज्ञ स्वर्गीय प्रोफेसर एसके मिश्रा के पौत्र तथा महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय के पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ. अमित मिश्रा के पुत्र हैं। उनकी सफलता से परिवार, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है। रियार्थ ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा तक की पढ़ाई बक्सर में ही की है। वर्तमान में वह महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय में बीए पार्ट-वन के छात्र हैं।
सफलता के बाद रियार्थ ने बताया कि बचपन से ही वह अपने दादा की उपलब्धियों और उनके व्यक्तित्व से प्रेरित रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य आईआईटी से उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बाद यूपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण कर देश और समाज की सेवा करना है। डॉ. अमित मिश्रा ने बताया कि रियार्थ उनके बड़े पुत्र हैं। परिवार में उनकी छोटी बहन अव्या कृता भी है, जो वर्तमान में कक्षा छह की छात्रा है। उन्होंने कहा कि माता सौम्या मिश्रा, जो प्लस-टू शिक्षिका हैं, के मार्गदर्शन और घर के शैक्षणिक वातावरण ने रियार्थ की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। रियार्थ की इस उपलब्धि पर शिक्षकों, छात्रों तथा जिले के गणमान्य लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

































































































