चार प्रखंडों में खुलेंगे नए डिग्री कॉलेज, 1 जुलाई से शुरू होगी पढ़ाई 

0
1086

अस्थायी रूप से चिन्हित विद्यालय भवनों में संचालित होंगी कक्षाएं, डीएम ने तैयारियों की समीक्षा की                                                                    बक्सर खबर। जिले के चार प्रखंडों में जल्द ही राजकीय डिग्री महाविद्यालयों का संचालन शुरू होगा। राज्य सरकार की सात निश्चय-3 योजना के तहत ‘उन्नत शिक्षा, उज्ज्वल भविष्य’ कार्यक्रम को धरातल पर उतारने की तैयारी तेज कर दी गई है। इसी क्रम में गुरुवार को जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कॉलेज संचालन से जुड़ी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिले के जिन प्रखंडों में डिग्री कॉलेज नहीं हैं, वहां अस्थायी रूप से विद्यालय भवनों में कॉलेज संचालित किए जाएंगे। इनमें ब्रह्मपुर प्रखंड के उच्च विद्यालय निमेज, केसठ के उच्च विद्यालय रघुनाथपुर, चौगाई के प्राथमिक विद्यालय बेलहरी तथा चक्की के उच्च माध्यमिक विद्यालय लिलाधरपुर को चिन्हित किया गया है।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को चयनित कमरों की मरम्मत, फर्श निर्माण, खिड़की-दरवाजों की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सिविल कार्य शीघ्र पूरा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी स्थानों पर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। बैठक में बताया गया कि बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना विकास निगम के अभियंताओं द्वारा सभी चयनित स्थलों का निरीक्षण और सर्वेक्षण पूरा कर लिया गया है। डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप 1 जुलाई से चारों डिग्री कॉलेजों में नियमित शैक्षणिक गतिविधियां शुरू होनी चाहिए। इसके लिए संबंधित विभागों को युद्धस्तर पर कार्य करने को कहा गया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर वरीय अधिकारियों द्वारा चयनित स्थलों का निरीक्षण भी किया जा चुका है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here