जवाब दे गया 26 करोड़ का रेल ओवरब्रिज, यह तकनीकी चूक नहीं, गंभीर भ्रष्टाचार: सुधाकर सिंह

0
34

रेल मंत्री को पत्र लिख उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग                                       बक्सर खबर। स्थानीय सांसद सुधाकर सिंह ने इटाढ़ी गुमटी के समीप नवनिर्मित रेल ओवरब्रिज के क्षतिग्रस्त होने के मामले को गंभीर भ्रष्टाचार का उदाहरण बताते हुए रेल मंत्री को पत्र भेजा है। उन्होंने घटना की उच्चस्तरीय जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है। सांसद ने कहा कि पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत बक्सर-बरूना स्टेशन खंड के बीच लगभग 26.40 करोड़ रुपये की लागत से रेल ओवरब्रिज का निर्माण कराया गया था। पुल का अभी औपचारिक उद्घाटन भी नहीं हुआ था और कुछ दिन पहले ही इसे आम लोगों के लिए खोला गया था।सुधाकर सिंह ने आरोप लगाया कि पुल निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने कहा कि इतनी निम्न गुणवत्ता की सामग्री का उपयोग कोई व्यक्ति अपने निजी मकान के निर्माण में भी नहीं करेगा। उनके अनुसार यह तकनीकी चूक नहीं बल्कि भ्रष्टाचार और मिलीभगत का मामला है।

सांसद ने रेल मंत्री से निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदारों, अभियंताओं, गुणवत्ता निरीक्षकों और संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने की मांग की है। उन्होंने दोषियों पर आपराधिक मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने की भी मांग उठाई है। पत्र में कहा गया है कि ओवरब्रिज चालू होने के बाद 31 मई से बक्सर स्टेशन के पूर्वी रेल फाटक को बंद कर दिया गया था। अब पुल के क्षतिग्रस्त होने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। सांसद ने फाटक को तत्काल पुनः खोलने की मांग की है। सुधाकर सिंह ने कहा कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद पुल उद्घाटन से पहले ही क्षतिग्रस्त कैसे हो गया। जनता के धन की बर्बादी और लोगों की सुरक्षा से खिलवाड़ किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने रेल मंत्री से तत्काल हस्तक्षेप कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here