जिले के सर्वांगीण विकास के लिए समन्वय से काम करें अफसर व जनप्रतिनिधि: नन्दकिशोर राम

0
1190

महादलित टोलों के भूमिहीनों को मिलेगा बासगीत पर्चा, हर प्रखंड में पेयजल सुविधाओं की होगी जांच                 बक्सर खबर। समाहरणालय सभाकक्ष में सोमवार को जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक प्रभारी मंत्री नन्दकिशोर राम की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिले की विभिन्न विकास योजनाओं और विभागीय कार्यों की समीक्षा की गई। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। प्रभारी मंत्री ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान सदर अस्पताल में स्थापित ऑक्सीजन प्लांट को शीघ्र चालू कराने का निर्देश दिया। चिकित्सकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा रोस्टर की जांच कराने को कहा गया। स्थानांतरण संबंधी मामलों में भी नियमानुसार कार्रवाई का निर्देश दिया गया। बिजली विभाग को नए कनेक्शन के लंबित आवेदनों का त्वरित निष्पादन करने तथा उपभोक्ताओं की शिकायतों के समाधान के लिए विशेष शिविर लगाने का निर्देश दिया गया। राजस्व विभाग की समीक्षा में अंचलों से संबंधित लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन पर जोर दिया गया। सभी महादलित टोलों के भूमिहीन परिवारों को बासगीत पर्चा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के प्रतिनिधि की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताई गई। बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर पृच्छा नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया। अनुरक्षण अवधि में जर्जर सड़कों के लिए संबंधित संवेदकों को काली सूची में डालने की चेतावनी भी दी गई। लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग को सभी प्रखंडों में पेयजल सुविधाओं की जांच करने और जनप्रतिनिधियों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान बीज और खाद की उपलब्धता का मुद्दा उठा। प्रभारी मंत्री ने स्पष्ट कहा कि अनियमितता पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। शिक्षा विभाग को विद्यालयों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता की नियमित जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई करने को कहा गया।

फोटो – प्रभारी मंत्री को पौधा भेंट करती डीडीसी निहारिका छवि

नगर परिषद क्षेत्र में साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा खुले में मांस बिक्री पर रोक लगाने के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया गया। बैठक के अंत में प्रभारी मंत्री ने सभी विभागों को राज्य सरकार की योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों का समयबद्ध समाधान करने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से समन्वय के साथ जिले के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करने का आह्वान किया। बैठक में राजपुर विधायक संतोष कुमार निराला, डुमरांव विधायक राहुल कुमार सिंह, सदर विधायक आनंद मिश्र, डीएम साहिला, एसपी शुभम आर्य, डीडीसी निहारिका छवि, एडीएम अरुण कुमार सिंह सहित संबंधित विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here