काशी जैसी दिव्यता: गंगा दशहरा पर हुआ महाआरती का भव्य आयोजन

0
1

विश्वामित्र सेना और गंगा आरती ट्रस्ट के तत्वावधान में सवा घंटे तक गूंजते रहे वैदिक मंत्र और भक्ति गीत            बक्सर खबर। गंगा दशहरा के पावन अवसर पर मंगलवार की शाम शहर के रामरेखा घाट स्थित पुराना विवाह मंडप श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक आस्था का केंद्र बना रहा। विश्वामित्र सेना एवं श्री गंगा आरती सेवा समिति ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में काशी की तर्ज पर भव्य संगीतमय गंगा महाआरती का आयोजन किया गया। सवा घंटे तक चली महाआरती के दौरान पूरा ‘हर-हर गंगे’ के जयघोष और भक्ति धुनों से गूंजता रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए। मां गंगा की आरती और भक्ति संगीत की धुन पर श्रद्धालु श्रद्धा से झूमते नजर आए। दीपों की अलौकिक रोशनी और गूंजते वैदिक मंत्रों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

विश्वामित्र सेना के राष्ट्रीय संयोजक राजकुमार चौबे ने मां गंगा की विधिवत आरती कर प्रदेश एवं देशवासियों के सुख, समृद्धि और सनातन संस्कृति की रक्षा की कामना की। उन्होंने कहा कि मां गंगा भारतीय संस्कृति और सनातन सभ्यता की जीवनधारा हैं। विश्वामित्र सेना धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए सदैव समर्पित रहेगी। महाआरती के दौरान श्रद्धालुओं ने 10-10 दीप जलाकर मां गंगा की शांत धाराओं में प्रवाहित किए। अंधेरे में झिलमिलाते हजारों दीपों ने गंगा तट की सुंदरता में चार चांद लगा दिए।

फोटो – रामरेखा घाट पर गंगा आरती करते पुजारी

पंडित लाला बाबा, धनन बाबा और मुनी बाबा ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक विधि-विधान के साथ महाआरती संपन्न कराई। विवाह मंडप परिसर को रंगीन झालर लाइटों और फूल-मालाओं से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। श्रद्धालुओं के बैठने की भी विशेष व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम में जिला अधिवक्ता संघ के पूर्व अध्यक्ष सूबेदार पांडेय, रेड क्रॉस के सचिव डॉ. श्रवण तिवारी, डाब के जिलाध्यक्ष सुरेश संगम, शिक्षाविद प्रकाश पांडेय, संजय तिवारी, अशोक उपाध्याय और युवा नेता रामजी सिंह सहित सैकड़ों गणमान्य लोग मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here