-ग्रामीणों ने पीछा कर पिकअप पकड़ा, चालक फरार बक्सर खबर। धनसोई थाना क्षेत्र के खीरी राजवाहा मार्ग पर परसिया गांव के समीप शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह वर्षीय बालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान परसिया गांव निवासी अजीत राम के पुत्र आर्यन कुमार (6 वर्ष) के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार आर्यन सड़क के किनारे था, तभी तेज रफ्तार पिकअप वाहन की चपेट में आ गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे इलाज के लिए सासाराम ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीण दोषी चालक की गिरफ्तारी और उचित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे के बाद चालक पिकअप लेकर भागने लगा। इस दौरान स्थानीय युवकों ने बाइक से उसका पीछा किया। दिनारा-बेलवईया के पास वाहन को पकड़ लिया गया। हालांकि चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। ग्रामीण जब्त पिकअप वाहन के आधार पर चालक की शीघ्र गिरफ्तारी तथा सरकारी प्रावधानों के तहत पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही धनसोई थानाध्यक्ष विकास कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाकर स्थिति को सामान्य कराया। पुलिस ने पिकअप वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर चालक और वाहन मालिक की पहचान की जा रही है। दोषी चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
































































































