जनगणना 2027 की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को सख्त निर्देश बक्सर खबर। जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण और मकानों की गणना कार्य की समीक्षा को लेकर सोमवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। बैठक में लंबित गणना कार्य को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रथम चरण का क्षेत्रीय गणना कार्य 31 मई तक हर हाल में पूरा कर लिया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि कोई भी भवन, जनगणना मकान या परिवार छूटना नहीं चाहिए। बैठक में बताया गया कि जिले के 11 ग्रामीण और 5 शहरी प्रभार क्षेत्रों में से बक्सर प्रखंड के 2 मकान सूचीकरण खंड, इटाढ़ी प्रखंड के 33 तथा डुमरांव के 10 मकान सूचीकरण खंडों का कार्य अब भी शेष है।
जिलाधिकारी ने संबंधित प्रभार अधिकारियों को अविलंब कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी पूर्ण हो चुके मकान सूचीकरण खंडों की पुनः जांच और मिलान कराने को कहा। साथ ही अपेक्षित भवनों और दर्ज भवनों के बीच अंतर पाए जाने पर गृह सूचीकरण अनुप्रयोग पर उसका सत्यापन और अद्यतन करने का निर्देश दिया। बैठक में प्रथम चरण पूरा होने के बाद प्रपत्र-20 के अनुरूप सामग्री सूची तैयार करने पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अभिलेख और सामग्री डाक विभाग के माध्यम से समय पर जनगणना निदेशालय, पटना भेजी जाए। बैठक के दौरान मकान सूचीकरण खंड का नजरिया नक्शा, पर्यवेक्षक क्षेत्र नक्शा, ग्राम रजिस्टर, प्रभार रजिस्टर, अभिलेख अपलोडिंग तथा कार्य माप से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
































































































