कुशलपुर हाल्ट के पास चेन पुलिंग कर भागे अपराधियों का पुलिस ने डंप डेटा से निकाला सुराग बक्सर खबर। ट्रेनों के जरिए शराब तस्करी करने वाले एक अंतर्जिला गिरोह का रेल पुलिस ने पर्दाफाश किया है। उत्पाद विभाग की टीम पर हमला कर फरार हुए गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इनमें एक महिला तस्कर भी शामिल है। पुलिस ने आरोपितों के पास से मोबाइल फोन, दो मोटरसाइकिल और अंग्रेजी शराब बरामद की है। 27 मई को भागलपुर-एलटीटी एक्सप्रेस में उत्पाद विभाग की टीम शराब तस्करों के खिलाफ जांच अभियान चला रही थी। ट्रेन बक्सर से खुलने के बाद टीम ने एक महिला तस्कर को पकड़ लिया था। इसी दौरान अन्य तस्करों की तलाश के क्रम में कुछ तस्करों ने उत्पाद टीम का विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच झड़प और हाथापाई हो गई। इसके बाद महिला समेत कई तस्कर कुशलपुर हाल्ट के पास ट्रेन की चेन पुलिंग कर फरार हो गए थे।
घटना की सूचना मिलते ही रेल पुलिस अधीक्षक पटना अनंत कुमार राय ने मामले को गंभीरता से लिया। उत्पाद विभाग के आवेदन पर रेल थाना बक्सर में प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद डीएसपी कंचन राज के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी विश्लेषण, डंप डेटा और गुप्त सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए गिरोह का खुलासा किया। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान वैशाली निवासी जहाना खातून उर्फ खुशबू , जहानाबाद के अंकित कुमार, सारण निवासी वीरेंद्र कुमार राय उर्फ लालू और नालंदा निवासी रंजन शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार सभी लोग शराब तस्करी के नेटवर्क से जुड़े हुए हैं। इनमें से कुछ लोग सप्लाई चेन और फॉरवर्ड लिंक में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। जांच में पता चला है कि गिरफ्तार वीरेंद्र कुमार राय उर्फ लालू के खिलाफ गर्दनीबाग थाना में उत्पाद अधिनियम का मामला दर्ज है। वहीं रंजन शर्मा के खिलाफ भी फूलवारीशरीफ थाना में उत्पाद से संबंधित केस दर्ज है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपितों के पास से पांच एंड्रॉयड मोबाइल, एक कीपैड मोबाइल, दो मोटरसाइकिल और 3.270 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है। रेल पुलिस का कहना है कि शराब तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर ली गई है। सप्लाई चेन में शामिल तथा ट्रेन की एसीपी कर फरार हुए आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उक्त मामले का खुलासा रविवार को दानापुर रेल पुलिस उपाधीक्षक कंचन राज ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में किया।































































































