हाईवे पर गठित होगी टास्क फोर्स, 60 दिनों में हटेंगे अवैध अतिक्रमण

0
787

जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में हुई बैठक, बिना एनओसी के नहीं जारी होगा कोई लाइसेंस                 बक्सर खबर। जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में गुरुवार की शाम को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला राजमार्ग सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय राजमार्गों पर सड़क सुरक्षा मजबूत करने, अवैध अतिक्रमण हटाने और यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाने को लेकर कई अहम निर्देश दिए गए। बैठक में जिला स्तर पर ‘जिला राजमार्ग सड़क सुरक्षा टास्क फोर्स’ गठित करने का निर्णय लिया गया। इसका उद्देश्य राष्ट्रीय राजमार्गों पर नियमित निरीक्षण, गश्ती और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना होगा। जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे अवैध अतिक्रमण और अनधिकृत निर्माण की पहचान कर निष्कासन अभियान चलाने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि राजमार्ग सुरक्षा क्षेत्र में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की अनापत्ति के बिना किसी प्रकार का लाइसेंस जारी नहीं किया जाएगा। बैठक में अवैध पार्किंग और दुर्घटना संभावित स्थलों की लगातार निगरानी रखने पर जोर दिया गया। साथ ही प्रत्येक पखवाड़े समीक्षा बैठक आयोजित कर कार्रवाई का विवरण संधारित करने का निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने 60 दिनों के भीतर अवैध संरचनाओं को हटाने की कार्रवाई पूरी करने को कहा। निरीक्षण और गश्ती के लिए मानक संचालन प्रक्रिया तैयार करने का भी निर्देश दिया गया। बैठक में बेसिक लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस, रिकवरी क्रेन और अन्य आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के साथ समन्वय स्थापित करने की बात कही गई।

यह भी स्पष्ट किया गया कि राष्ट्रीय उच्च पथों के अधिकार क्षेत्र में भारी और व्यावसायिक वाहनों की अनधिकृत पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। वाहनों की पार्किंग केवल निर्धारित ट्रक ले-बाय और वे-साइड सुविधा केंद्रों पर ही की जा सकेगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना सहित अन्य दंडात्मक कार्रवाई होगी। बैठक में पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य, उप विकास आयुक्त निहारिका छवि समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here