शराब तस्करी मामले में लंबे समय से फरार दो आरोपी गिरफ्तार

0
139

4 मार्च को 160 लीटर देशी शराब और 3 बाइक छोड़कर भागे थे तस्कर                                                         बक्सर खबर। नया भोजपुर थाना पुलिस ने देशी शराब तस्करी के एक पुराने मामले में कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पुराना भोजपुर निवासी रितेश कुमार और विशाल चौधरी के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ नया भोजपुर थाना में शराब तस्करी का मामला दर्ज था। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी कई महीनों से फरार चल रहे थे। गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपना ठिकाना बदल रहे थे। मामला चार मार्च का है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ युवक मोटरसाइकिलों से विभिन्न गांवों में देशी शराब की खेप पहुंचाने वाले हैं।

सूचना मिलते ही पुराना भोजपुर स्थित पोल फैक्ट्री के समीप घेराबंदी की गई। इसी दौरान तीन मोटरसाइकिलों पर सवार छह युवक वहां पहुंचे। पुलिस टीम को देखते ही सभी वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। तलाशी के दौरान पुलिस ने तीनों मोटरसाइकिलों से करीब 160 लीटर देशी शराब बरामद की थी। शराब और जब्त वाहनों के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।तकनीकी अनुसंधान में छह लोगों की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद सभी को नामजद अभियुक्त बनाया गया। नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here