अनोखा जश्न: केक काटकर मनाया गया दो वृक्षों का दूसरा जन्मदिन

0
0

विश्व पर्यावरण दिवस पर शहर को हरा-भरा बनाने के लिए 51 लोगों ने लिया संकल्प                                                                                      बक्सर खबर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शहर में पर्यावरण संरक्षण का एक अनोखा संदेश दिया गया। पीपी रोड स्थित अलका सिनेमा के सामने नीम और चितवन के पेड़ों का दूसरा जन्मदिन केक काटकर मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जिले के वरिष्ठ पत्रकार अमित सिंह निकुंभ की पहल पर हुई। शुक्रवार शाम आयोजित समारोह में सामाजिक कार्यकर्ता एवं महर्षि विश्वामित्र सामूहिक विवाह समारोह के मुख्य संयोजक ओम जी यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने केक काटकर दोनों वृक्षों की दूसरी वर्षगांठ मनाई। इस अवसर पर चेयरमैन प्रतिनिधि नियामतुल्लाह फरीदी, पत्रकार राम मुरारी राय और मंच उद्घोषक गुड्डू आजाद, पूर्व क्रिकेटर फसी आलम समेत कई लोग मौजूद रहे।अमित सिंह निकुंभ ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस पर बड़ी संख्या में पौधरोपण किया जाता है, लेकिन सबसे जरूरी उसकी देखभाल है।

उन्होंने लोगों से अपने घर या नजर के सामने पौधे लगाने की अपील की, ताकि उनकी नियमित निगरानी हो सके। उन्होंने बताया कि कुछ वर्ष पहले उन्होंने अलका सिनेमा से दरिया शहीद बाबा की मजार तक सड़क किनारे 51 नीम के पौधे लगाए थे। देखरेख के अभाव में सभी पौधे नष्ट हो गए। इसी अनुभव से सीख लेते हुए उन्होंने घर के पास नीम और चितवन के पौधे लगाए और नियमित देखभाल की। उन्होंने कहा कि दोनों पौधे स्वस्थ हैं और अच्छी तरह बढ़ रहे हैं। इसी कारण पिछले वर्ष भी उनका जन्मदिन मनाया गया था और इस वर्ष भी यह परंपरा जारी रखी गई। अमित सिंह ने बताया कि शहर को हरा-भरा बनाने के लिए 51 लोगों को चिन्हित किया गया है। सभी ने अपने सामने पौधरोपण कर उसकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया है।

मुख्य अतिथि ओम जी यादव ने कहा कि पर्यावरण संतुलन के लिए धरती पर हरियाली बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि समाज के लोगों को पर्यावरण संरक्षण और जरूरतमंदों की सेवा के लिए आगे आना चाहिए। तभी प्रकृति सुरक्षित और समाज संतुलित रह सकेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here