इंजिनियरिंग कॉलेज में लगाए गए छायादार व फलदार पौधे, हरित वातावरण बनाने का लिया संकल्प बक्सर खबर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को इटाढ़ी रोड स्थित राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन संस्थान के प्राचार्य प्रो. डॉ. रामनरेश राय के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान परिसर के विभिन्न स्थानों पर छायादार एवं फलदार पौधे लगाए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा हरित परिसर निर्माण को बढ़ावा देना था। वृक्षारोपण कार्यक्रम में प्राचार्य के साथ गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक कॉलेज के प्राचार्य डॉ. कमलेश कुमार सिंह ने भी पौधे लगाए। दोनों शिक्षाविदों ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनके संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में संस्थान के रजिस्ट्रार सह प्राध्यापक डॉ. आरएन यादव, कर्मचारीगण एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने पौधों की देखभाल और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। प्राचार्य प्रो. डॉ. रामनरेश राय ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। वृक्ष हमें प्राणवायु देने के साथ प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को पौधारोपण के साथ उसकी देखभाल का भी संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन को गंभीर चुनौती बताते हुए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया। कहा कि यदि हर व्यक्ति प्रतिवर्ष कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव संभव है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने, उनकी नियमित देखभाल करने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने का सामूहिक संकल्प लिया।































































































