चुरामनपुर में चला जागरूकता अभियान, पर्यावरण संरक्षण का दिलाया संकल्प बक्सर खबर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर रोटरी क्लब की ओर से शुक्रवार को चुरामनपुर में वृक्षारोपण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान क्लब के सदस्यों और ग्रामीणों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही हरित आवरण बढ़ाने और प्रकृति के प्रति लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया गया। रोटरी क्लब के अध्यक्ष डॉ. दिलशाद आलम ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की निरंतर जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।
क्लब के सचिव एसएम साहिल ने कहा कि वृक्ष जीवन का आधार हैं। आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण देने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। कार्यक्रम में राहुल कुमार, मनीष कुमार, नसीम, सुनील, प्रदीप, सोहन कुमार, ऋतिक कुमार और सोनी देवी सहित ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया और वृक्षारोपण अभियान में भागीदारी निभाई। अंत में लोगों से अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की गई।































































































