पुल को बताया सुरक्षित, नियमों को ताक पर रखकर रेलवे ने शुरू करा दिया था परिचालन बक्सर खबर। इटाढ़ी रेलवे गुमटी स्थित नवनिर्मित रेलवे ओवरब्रिज में हुए धंसाव को लेकर उठ रहे सवालों के बीच शुक्रवार को जिला प्रशासन सामने आया। जिलाधिकारी साहिला और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी। प्रशासन के अनुसार आरओबी का पहुंच पथ पूरी तरह तैयार नहीं हुआ था। पुल की तकनीकी प्रक्रिया भी पूरी नहीं हुई थी। इसके बावजूद उस पर वाहनों का परिचालन शुरू कर दिया गया। डीएम ने बताया कि निर्माण के दौरान एक्सपेंशन ज्वाइंट के पास कंक्रीट का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था। उसकी मरम्मत की गई थी। तकनीकी नियमों के अनुसार मरम्मत के बाद संरचना को मजबूती हासिल करने के लिए कुछ समय देना जरूरी था। लेकिन निर्धारित अवधि पूरी होने से पहले ही पुल पर यातायात शुरू हो गया। इससे उसी स्थान पर अतिरिक्त दबाव पड़ा और धंसाव बढ़ गया।
प्रशासन ने कहा कि धंसाव पुल के एक हिस्से में हुआ है। इससे पुल की मुख्य संरचना प्रभावित नहीं हुई है। तकनीकी विशेषज्ञों ने स्थल का निरीक्षण किया है और पुल को सुरक्षित बताया है। सुरक्षा को देखते हुए आरओबी पर आवागमन रोक दिया गया है। लोगों की सुविधा के लिए रेलवे गुमटी (लेवल क्रॉसिंग) को फिर से खोल दिया गया है। मरम्मत और तकनीकी जांच का कार्य जारी है। संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रशासन ने साफ कहा कि पुल का निर्माण और तकनीकी प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही रेलवे प्रशासन ने लेवल क्रॉसिंग बंद कर आरओबी से यातायात शुरू करा दिया। इसी कारण धंसाव की स्थिति और गंभीर हुई। इस मामले में बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के कार्यपालक अभियंता से स्पष्टीकरण मांगा गया है। वहीं संबंधित संवेदक के खिलाफ मुफस्सिल थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
































































































