शोर मचाने पर भी पकड़ में नहीं आए अपराधी, पुलिस जांच में जुटी बक्सर खबर। कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के बड़का ढकाइच गांव के समीप बुधवार को दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला शिक्षिका से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया। मिली जानकारी के अनुसार जिला मुख्यालय निवासी शिक्षिका श्वेता कुमारी किसी निजी कार्य से बड़का ढकाइच जा रही थीं। इसी दौरान गांव के समीप पहले से घात लगाए एक युवक अचानक उनके करीब पहुंचा और झटके में उनके गले से सोने की चेन खींच ली। घटना इतनी तेजी से हुई कि शिक्षिका कुछ समझ पातीं, उससे पहले ही बदमाश अपने साथी के साथ बाइक पर सवार होकर फरार हो गया।
अचानक हुई वारदात से घबराई शिक्षिका ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। हालांकि तब तक अपराधी काफी दूर निकल चुके थे। घटना की सूचना मिलने के बाद इलाके में लोगों के बीच दहशत और नाराजगी देखी गई। पीड़िता की शिकायत पर कृष्णाब्रह्म थाना में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। थानाध्यक्ष रवि कुमार ने बताया कि अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस आसपास के इलाकों और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर जांच में जुटी है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।

































































































