-खेल को बताया व्यक्तित्व विकास का सशक्त माध्यम बक्सर खबर। सदर प्रखंड के बालापुर में शनिवार को बालापुर प्रीमियर लीग (बीपीएल) का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन विश्वामित्र सेना के राष्ट्रीय संयोजक राजकुमार चौबे ने किया। इस दौरान खिलाड़ियों और ग्रामीणों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि खेल-कूद बच्चों के सर्वांगीण विकास का सबसे प्रभावी माध्यम है। इससे शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक क्षमता का विकास होता है। खेल अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास भी विकसित करते हैं।
उन्होंने कहा कि बिहार के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। इससे पूरे राज्य का गौरव बढ़ा है। उन्होंने विश्वास जताया कि बक्सर के खिलाड़ियों को भी बेहतर प्रशिक्षण और संसाधन मिलें तो वे देश-विदेश में जिले का नाम रोशन कर सकते हैं। समारोह में बड़ी संख्या में खिलाड़ी, खेल प्रेमी और ग्रामीण मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजकों की सराहना की।































































































