भोजपुर जिला के चालक के साथ हुई घटना, जांच में जुटी पुलिस बक्सर खबर। जिले के कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र अंतर्गत सरौरा गांव के समीप गुरुवार को ट्रक चालक के साथ मारपीट और छिनतई की घटना सामने आई। बदमाशों ने ट्रक रुकवाकर चालक को वाहन से नीचे उतारा और बेरहमी से पिटाई कर घायल कर दिया। इस दौरान उसके गले से सोने का लॉकेट छीनकर फरार हो गए। घटना को लेकर पुलिस ने एक नामजद समेत तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार भोजपुर जिले के उदवंतनगर थाना क्षेत्र के चैतपुर गांव निवासी जितेंद्र कुमार ट्रक लेकर टुड़ीगंज-खेवली मार्ग से दनवार बिहटा की ओर जा रहे थे।
इसी दौरान सरौरा गांव के पास पहले से घात लगाए चार लोगों ने उनका ट्रक रुकवा लिया। आरोप है कि सभी ने चालक को जबरन वाहन से नीचे उतार लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में चालक घायल हो गया। पीड़ित चालक ने प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान बदमाश उसके गले से सोने का लॉकेट भी छीन ले गए। घटना के बाद आसपास के लोगों की मदद से घायल चालक को इलाज के लिए भेजा गया। मामले में चालक के बयान पर सरौरा गांव निवासी मनोज यादव को नामजद करते हुए तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। कृष्णाब्रह्म थाना पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

































































































