घटना के इतने दिनों बाद भी एफआईआर न होना चिंताजनक, निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग बक्सर खबर। बिहार प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता टीएन चौबे ने भोजपुर जिले के शाहपुर प्रखंड के बेलौंटी गांव निवासी भरत भूषण तिवारी की कथित पुलिस एनकाउंटर में हुई मौत को लेकर प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि घटना के इतने दिनों बाद भी प्राथमिकी दर्ज नहीं होना चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि किसी भी मामले में सबसे पहले एफआईआर दर्ज होनी चाहिए, उसके बाद जांच प्रक्रिया आगे बढ़नी चाहिए। कांग्रेस नेता ने कहा कि यह मामला केवल एक व्यक्ति की मौत का नहीं, बल्कि कानून व्यवस्था और पुलिस कार्रवाई की जवाबदेही से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि इस घटना को दबाया नहीं जा सकता और न्याय के लिए आवाज उठती रहेगी।
टीएन चौबे ने कहा कि वह इस पूरे मामले से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी को अवगत कराएंगे। इसके लिए उन्हें पत्र भी लिखा जाएगा। उन्होंने कहा कि भरत तिवारी प्रकरण को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने की आवश्यकता है ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके। उन्होंने राज्य सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।































































































