मां गंगा केवल नदी नहीं, भारतीय सभ्यता की जीवनदायिनी धारा: डॉ. प्रेम कुमार

0
16

मां गंगा और कोयला बाबा पूजन में पहुंचे विधानसभा अध्यक्ष, जलस्रोतों की स्वच्छता और सामाजिक समरसता का दिया संदेश                                                                 बक्सर खबर। ब्रह्मपुर प्रखंड के गायघाट स्थित सेमरा गांव में शनिवार को मल्लाह समाज द्वारा आयोजित मां गंगा एवं कोयला बाबा पूजन समारोह में बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार शामिल हुए। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि तथा जनकल्याण की कामना की। समारोह को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि मां गंगा एवं कोयला बाबा का पूजन हमारी सनातन संस्कृति, आस्था और लोक परंपराओं की समृद्ध विरासत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मां गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि भारतीय सभ्यता और आध्यात्मिक चेतना की जीवनदायिनी धारा हैं।

डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि कोयला बाबा के प्रति लोगों की आस्था समाज को सेवा, सदाचार और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। उन्होंने गंगा सहित सभी नदियों और जलस्रोतों की स्वच्छता एवं संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पूजा-अर्चना केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि समाज में प्रेम, सद्भाव और एकता को मजबूत करने का माध्यम भी है। ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता को बढ़ावा देते हैं और लोगों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ते हैं। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि बिहार की धरती आध्यात्मिक और सांस्कृतिक चेतना की भूमि रही है। भगवान बुद्ध, भगवान महावीर तथा अनेक संत-महापुरुषों ने यहां से विश्व को शांति, करुणा और मानवता का संदेश दिया है।

उन्होंने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए सभी श्रद्धालुओं के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। मौके पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष संतोष पाठक, जिला मंत्री दिलीप चंद्रवंशी, शिव जी मल्लाह, छोटक मल्लाह सहित अन्य श्रद्धालु, सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here