जिलाधिकारी ने योग को बताया सकारात्मक जीवन का आधार बक्सर खबर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर रविवार को पूरा शहर योगमय नजर आया। गंगा तट, कला भवन, शैक्षणिक संस्थानों, जेल परिसर और सार्वजनिक स्थलों पर आयोजित कार्यक्रमों में हजारों लोगों ने योग, प्राणायाम और ध्यान कर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया। रामरेखा घाट पर जिला प्रशासन और नमामि गंगे के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित हुआ। जिलाधिकारी साहिला ने योग को स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन का आधार बताते हुए सभी नागरिकों से इसे दैनिक जीवन में अपनाने की अपील की। अधिकारियों, युवाओं और आम नागरिकों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। वहीं कला भवन में खेल विभाग और जिला प्रशासन के संयुक्त आयोजन में खिलाड़ियों, खेल प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। योग प्रशिक्षकों ने अष्टांग योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नियमित योगाभ्यास के लाभ बताए।
राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय में ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य’ थीम पर योग दिवस मनाया गया। प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. रामनरेश राय ने कहा कि योग शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक विकास का प्रभावी माध्यम है। महाविद्यालय में प्रतिदिन योग सत्र आयोजित किए जाते हैं। शहर के नया बाजार स्थित सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम किए। प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार ने कहा कि नियमित योग से अनेक बीमारियों से बचाव संभव है। काली बाबू पार्क गोलंबर में पतंजलि योगपीठ के तत्वावधान में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव का आयोजन हुआ। योगाचार्यों ने ताड़ासन, कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी और ध्यान योग का अभ्यास कराया। उपस्थित लोगों से स्वदेशी अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने का आह्वान किया गया।

इधर केंद्रीय कारागार में भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर विशेष योग शिविर आयोजित किया गया। द आर्ट ऑफ लिविंग की वरिष्ठ प्रशिक्षक वर्षा पांडेय ने बंदियों को योग, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया। जेल अधीक्षक ज्ञानिता गौरव ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बंदियों के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में सहायक हैं। योग दिवस के अवसर पर गंगा तट पर आयोजित विशेष सत्र में द आर्ट ऑफ लिविंग की टीम ने प्रशासनिक अधिकारियों और नागरिकों को योग के माध्यम से तनावमुक्त एवं संतुलित जीवन का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित योग करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। योग दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों ने यह संदेश दिया कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक जीवन जीने की भारतीय जीवन-पद्धति है।































































































