शिक्षा, रोजगार और सामाजिक न्याय के सवालों पर तेज होगा आइसा का आंदोलन

0
54

जिला सम्मेलन सम्पन्न, अखिलेश ठाकुर बने सचिव और अनूप शर्मा चुने गए अध्यक्ष                                       बक्सर खबर। ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन जिला ईकाई का दूसरा जिला सम्मेलन बुधवार को शहर के एमवी कॉलेज परिसर में उत्साहपूर्ण माहौल में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। सम्मेलन में संगठन की नई 21 सदस्यीय जिला कमिटी का गठन किया गया, जिसमें अखिलेश ठाकुर को जिला सचिव तथा अनूप शर्मा को जिला अध्यक्ष चुना गया। सम्मेलन में आरवाईए के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजीत कुशवाहा उद्घाटनकर्ता, आइसा की राज्य अध्यक्ष प्रीति कुमारी मुख्य वक्ता तथा राज्य सचिव सबीर कुमार पर्यवेक्षक के रूप में उपस्थित रहे। उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए डॉ. अजीत कुशवाहा ने कहा कि देश के शैक्षणिक संस्थानों में सांप्रदायिक उन्माद फैलाने की कोशिश की जा रही है और प्रशासनिक स्तर पर संघी वर्चस्व कायम किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि उच्च शिक्षा में सीटों की कटौती और फीस वृद्धि का सबसे अधिक असर शोषित एवं वंचित वर्गों पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कैंपसों में बढ़ रहे सांप्रदायिक हमलों और शिक्षा विरोधी नीतियों के खिलाफ आइसा लगातार आंदोलनरत है।

मुख्य वक्ता प्रीति कुमारी ने कहा कि यह सम्मेलन ऐसे समय में हो रहा है, जब देश और राज्य की शिक्षा व्यवस्था गंभीर संकट के दौर से गुजर रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, रोजगार, महिला सुरक्षा, लैंगिक समानता और सामाजिक न्याय जैसे बुनियादी मुद्दों पर लगातार हमले हो रहे हैं। केंद्र सरकार की नीतियों के कारण उच्च शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है और शैक्षणिक संस्थानों में अराजक माहौल बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा तथा शिक्षा के समावेशी स्वरूप को बचाने के लिए आइसा का आंदोलन आने वाले दिनों में और तेज किया जाएगा। उन्होंने आगामी 9 और 10 मई को गया कॉलेज, गयाजी में आयोजित होने वाले बिहार आइसा राज्य सम्मेलन को सफल बनाने का भी आह्वान किया।

सम्मेलन में एमवी कॉलेज के पवन भारती और रंजन कुमार को जिला सह सचिव चुना गया। वहीं अंकित सिद्धार्थ, अजीत कुमार, विवेक कुमार, सुकेश, अखलाक, तबरेज, सूर्य शर्मा और कुंदन समेत कई छात्र नेताओं को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं। कार्यक्रम में वीरेन, कृष्ण जी, संध्या पाल, रुचि कुमारी, सूर्यकुमार, रवि, विकास तथा माले नगर सचिव ओम प्रकाश सहित दर्जनों छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here