सड़क दुघर्टना में आईटीबीपी जवान की दर्दनाक मौत

0
102

खलवा इनार के पास देर रात हुआ हादसा, पीछे छूट गए तीन मासूम बच्चे और पत्नी                                                         बक्सर खबर। डुमरांव के खलवा इनार के समीप गुरुवार देर रात हुए सड़क हादसे में आईटीबीपी के जवान धनजी यादव की मौत हो गई। अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि जवान ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक धनजी यादव कोरान सराय थाना क्षेत्र के नाजीरगंज गांव के निवासी थे। वह आईटीबीपी में कार्यरत थे। मिली जानकारी के अनुसार, वह डुमरांव स्थित अपने डेरा से सामान लेकर गांव गए थे। देर रात बाइक से लौटने के दौरान खलवा इनार के पास अज्ञात वाहन ने उन्हें कुचल दिया।

घटना की सूचना मिलते ही डुमरांव पुलिस, कोरान सराय थाना पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक बरामद की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास के साक्ष्य खंगाले जा रहे हैं। धनजी यादव अपने पीछे पत्नी अंजू देवी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। बड़ी बेटी मानसी 7 वर्ष, बेटा अंकुश कुमार 6 वर्ष और छोटी बेटी प्रिया 5 वर्ष डुमरांव के एक निजी विद्यालय में पढ़ते हैं। जवान के पिता राजेंद्र सिंह किसान हैं। कोरान सराय थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि अज्ञात वाहन की पहचान कर चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here