– यूपी के मउ में हुई दर्दनाक दुर्घटना, परिवार में मातम
बक्सर खबर। दो दोस्त घर से एक साथ घूमने निकले थे। और वापसी के दौरान उनकी जीवन लीला समाप्त हो गई। यह दुखद घटना शनिवार की रात उत्तर प्रदेश के मउ जिले में हुई। सूचना के अनुसार सिविल लाइन के रहने वाले मुकेश कुमार मिश्रा (26 वर्ष) पिता संजय मिश्रा व अभिषेक कुमार सिंह उर्फ राज सिंह निवासी सिडिकेट बक्सर, दोनों युवक बाइक से सफर कर रहे थे। रात 11:30 बजे मउ के थाना दोहरीघाट में पुराने सरयू नदी पुल पर ट्रेलर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। दोनों सड़क पर गिरे और वह ट्रेलर उन्हें कुचलता आगे बढ़ गया।
लोगों की सूचना पर पुलिस उन्हें अस्पताल ले गई। लेकिन, चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शिनाख्त के बाद रविवार की सुबह परिजनों को इसकी सूचना दी। खबर मिलते ही यहां मातम पसर गया। स्थानीय लोगों ने बताया दोनों काफी गहरे दोस्त थे। 15 जून को बाइक से ही नेपाल घूमने गए थे। शनिवार की रात घर वापस लौट रहे थे। रात में यह दुखद घटना हो गई। कुछ लोगों ने बताया राज गायक था। इसी वर्ष फरवरी माह में उसकी शादी भी हुई थी। इस अनहोनी ने सबको रुला कर रख दिया है।































































































