तपस्या की तूफानी बल्लेबाजी, प्रीति की घातक गेंदबाजी ने जीता दिल

0
36

तपस्या ने 48 गेंदों में ठोके 70 रन, तो प्रीति ने मात्र 3 रन देकर झटके 2 विकेट                                                                  बक्सर खबर। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन की अंडर-15 गर्ल्स जोनल क्रिकेट प्रतियोगिता में बक्सर की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। मोइनुल हक स्टेडियम में खेले गए मुकाबलों में तपस्या और प्रीति कुमारी ने अपने खेल से चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया। शहर के आईटीआई फील्ड के समीप रहने वाली तपस्या ने विस्फोटक बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। उन्होंने मात्र 48 गेंदों में 70 रन ठोक दिए। अपनी पारी में 14 चौके लगाए। इसके अलावा राइट आर्म मध्यम तेज गेंदबाज के रूप में दो ओवर में केवल 10 रन खर्च किए। तपस्या शहर के सेंट जॉन मैरी स्कूल मैदान में संचालित यंग स्टार क्रिकेट अकादमी की खिलाड़ी हैं। अकादमी में उन्हें क्रिकेट की बारीकियां फरह अंसारी और पिता शशि सिंह से सीखने का अवसर मिला है।

वहीं अकादमी की एक अन्य प्रतिभावान खिलाड़ी प्रीति कुमारी भी लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। लेफ्ट आर्म स्पिनर प्रीति बिहार अंडर-23 और सीनियर टीम का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। उन्होंने अब तक तीन मैचों में प्रभावी प्रदर्शन किया है। एक मुकाबले में प्रीति ने चार ओवर में दो मेडन डालते हुए मात्र तीन रन देकर दो विकेट झटके। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें बेस्ट बॉलर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। दूसरे मैच में उन्होंने तीन ओवर में 22 रन देकर एक विकेट हासिल किया। वहीं जरूरत के समय निचले क्रम में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ आठ गेंदों पर 15 रन बनाकर टीम के स्कोर में महत्वपूर्ण योगदान दिया। प्रीति कुमारी शहर के नई बाजार निवासी हैं। उनकी गेंदबाजी टीम को फाइनल तक पहुंचाने में अहम साबित हुई है।

यंग स्टार क्रिकेट अकादमी के मुख्य कोच फरह अंसारी ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि तपस्या और प्रीति में अपार प्रतिभा है। नियमित अभ्यास और बेहतर अवसर मिलने पर दोनों खिलाड़ी भविष्य में बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकती हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here