प्रभारी अस्पताल प्रबंधक निलंबित, उपाधीक्षक पर विभागीय कार्रवाई के आदेश

0
70

डुमरांव अस्पताल में बिजली संकट के कारण नवजात की जान पर बनी थी आफत                            बक्सर खबर। अनुमंडलीय अस्पताल डुमरांव में बिजली आपूर्ति बाधित होने और नवजात शिशु की जान खतरे में पड़ने के मामले में प्रशासन ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की है। जांच रिपोर्ट के आधार पर प्रभारी अस्पताल प्रबंधक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं प्रभारी उपाधीक्षक स्वास्थ्य के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है। जिलाधिकारी साहिला के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी डुमरांव ने मंगलवार को अस्पताल का निरीक्षण किया। जांच में पता चला कि ट्रांसफार्मर में खराबी आने से पूरे अस्पताल की बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी। अस्पताल कर्मियों ने बताया कि जेनरेटर से बिजली बहाल करने का प्रयास किया गया, लेकिन अधिक लोड के कारण आपूर्ति सुचारू नहीं हो सकी। बाद में डायरेक्ट कनेक्शन दिया गया, लेकिन तार में फाल्ट होने से बीच का तार जल गया। इसके कारण एमएनसीयू में बिजली बहाल नहीं हो सकी।

बिजली बाधित होने से ऑक्सीजन आपूर्ति भी प्रभावित हुई। इससे एमएनसीयू में भर्ती एक नवजात शिशु की तबीयत बिगड़ने लगी और उसे सांस लेने में परेशानी होने लगी। चिकित्सकों ने तत्परता दिखाते हुए नवजात को बाहर निकालकर आपातकालीन उपचार दिया, जिससे उसकी जान बचाई जा सकी। बाद में बिजली आपूर्ति बहाल होने पर उसे पुनः एमएनसीयू में भर्ती कर देखभाल शुरू की गई। जांच प्रतिवेदन के आधार पर प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक डुमरांव, जो वर्तमान में प्रभारी अस्पताल प्रबंधक का दायित्व संभाल रहे थे, उन्हें निलंबित कर दिया गया है। साथ ही प्रभारी उपाधीक्षक स्वास्थ्य के विरुद्ध प्रपत्र ‘क’ गठित किया गया है। जिला परियोजना प्रबंधक (स्वास्थ्य) तथा सिविल सर्जन से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here