फर्नीचर की आड़ में छिपाई 12 लाख की विदेशी शराब जब्त, दो गिरफ्तार

0
0

दिल्ली से मुजफ्फरपुर जा रही पिकअप से 117 पेटी शराब बरामद, सड़ी लकड़ियों के नीचे छिपाया था कंसाइनमेंट                                                                         बक्सर खबर। वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट के ऊपरी पुल पर शुक्रवार दोपहर उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्नीचर की आड़ में ले जाई जा रही विदेशी शराब की खेप बरामद की। टीम ने पिकअप को रोककर तलाशी ली तो उसमें सड़े हुए लकड़ी के फर्नीचर के नीचे शराब छिपाकर रखी गई थी। निरीक्षक सह चेक पोस्ट प्रभारी कुंदन कुमार के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में पिकअप समेत 117 पेटी विदेशी शराब जब्त की गई। बरामद शराब की कुल मात्रा 1010.88 लीटर तथा अनुमानित कीमत 12 लाख 13 हजार रुपये बताई गई है। उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने बताया कि शराब का यह कंसाइनमेंट दिल्ली से मुजफ्फरपुर भेजा जा रहा था।

जब्त पिकअप का रजिस्ट्रेशन नंबर DL-1L AR-2088 है। बरामद खेप में ओल्ड हबीबी व्हिस्की की 87 पेटी (180 एमएल) तथा 30 अन्य पेटियां शामिल हैं। मौके से दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। उनकी पहचान उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले के चोपई रामपुरवा निवासी 37 वर्षीय नवीन कुमार तथा राजस्थान निवासी 28 वर्षीय केशव के रूप में हुई है। उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि दोनों आरोपितों के विरुद्ध बिहार उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here