अंडर-15 जोनल क्रिकेट प्रतियोगिता में 27 चौके और 2 छक्के जड़े बक्सर खबर। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन की अंडर-15 गर्ल्स जोनल क्रिकेट प्रतियोगिता में बक्सर की प्रतिभाशाली बल्लेबाज तेजस्वनी ने विस्फोटक बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। उन्होंने मात्र 76 गेंदों पर 146 रन की शानदार पारी खेलकर सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। तेजस्वनी ने अपनी यादगार पारी में 27 चौके और 2 छक्के लगाए। उनका स्ट्राइक रेट 192.11 रहा। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी के सामने विपक्षी गेंदबाज बेबस नजर आए। तेजस्वनी शहर की वीर कुंवर सिंह क्रिकेट अकादमी में नियमित अभ्यास करती हैं। वह कोच बृजेश यादव के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। उनकी इस सफलता पर अकादमी और खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है।
तेजस्वनी पहले भी बिहार टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। उन्होंने बीसीसीआई अंडर-15 महिला क्रिकेट प्रतियोगिता में बिहार की ओर से खेलते हुए शानदार प्रदर्शन किया था। पिछले वर्ष वह बिहार टीम की सबसे अधिक रन बनाने वाली बल्लेबाज भी रही थीं। कोच बृजेश यादव ने कहा कि तेजस्वनी की मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण ही उनकी सफलता का आधार है। उन्होंने विश्वास जताया कि वह आने वाले दिनों में राज्य ही नहीं, राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी अलग पहचान बनाएंगी। तेजस्वनी की इस उपलब्धि से जिले के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है।






























































































